विवेक पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल में शिक्षकों की बैठक सम्पन्न, विभिन्न समितियों का गठन


शहडोल, 11 जुलाई 2026। स्थानीय विवेक पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल, शहडोल में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के संचालक श्री गोपाल प्रसाद निगम तथा प्राचार्या डॉ. श्रीमती अनीता निगम ने की।

बैठक का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्प अर्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत सभी शिक्षकों का परिचय कराया गया तथा विद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुशासन, नैतिक शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, परीक्षा, अनुशासन, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास, स्वच्छता, अभिभावक-शिक्षक समन्वय, करियर मार्गदर्शन एवं अन्य गतिविधियों के प्रभावी संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया। प्रत्येक समिति के दायित्व निर्धारित करते हुए शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

प्राचार्या डॉ. श्रीमती अनीता निगम ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारों का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी शिक्षकों से समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

विद्यालय के संचालक श्री गोपाल प्रसाद निगम ने कहा कि किसी भी विद्यालय की सफलता उसके शिक्षकों की निष्ठा, टीम भावना एवं उत्तरदायित्व पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यालय को जिले के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में स्थापित करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।

बैठक के अंत में सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। आभार प्रदर्शन के साथ बैठक का समापन हुआ।

विवेक पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल, शहडोल में आयोजित शिक्षकों की बैठक में संचालक श्री गोपाल प्रसाद निगम एवं प्राचार्या डॉ. श्रीमती अनीता निगम के नेतृत्व में शिक्षकों का स्वागत करते हुए तथा विद्यालय विकास संबंधी समितियों के गठन के अवसर पर उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाएँ।

Post a Comment

0 Comments