नर्सिंग परीक्षा परिणाम जारी होने पर विद्यार्थियों को मिली बड़ी राहत
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर विद्यार्थियों ने जताया आभार
भोपाल, मध्यप्रदेश में नर्सिंग विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए परिणाम जारी होने से आगे की पढ़ाई, उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर को लेकर बनी अनिश्चितता दूर हुई है।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद नर्सिंग विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रतिनिधियों ने बुधवार को भोपाल स्थित उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के निवास कार्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की। विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम घोषित होने पर उप मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया और छात्र हित में किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी नर्सिंग विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने न्यायालय के समक्ष छात्र हित का पक्ष मजबूती से रखा और न्यायालय के आदेश के परिपालन में परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, विद्यार्थियों और प्रतिनिधियों ने कहा कि परीक्षा परिणाम जारी होने से उनके सामने आगे की शिक्षा और करियर को लेकर बनी बाधाएं काफी हद तक दूर हुई हैं। परिणाम घोषित होने से विद्यार्थियों को अपनी आगामी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।


0 Comments