माइंस कर्मचारियों की मांगों को लेकर धरने पर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष, प्रबंधन से जल्द समाधान की मांग

 


शहडोल। अल्ट्राटेक की कोल माइंस में माइंस कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के बीच आज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय अवस्थी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरनारत माइंस कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को विस्तार से सुना तथा खदान प्रबंधन से चर्चा कर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया।

माइंस कर्मचारियों द्वारा वेतन वृद्धि, मेडिकल सुविधा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार मांग किए जाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से अपेक्षित पहल नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में जिला कलेक्टर से भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि कलेक्टर की ओर से माइंस कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिंहपुर के अध्यक्ष अजीत सोनी ने कहा कि जिस क्षेत्र में कोल माइंस संचालित हो रही है, वह हमारे गांवों की जमीन और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि सीएसआर मद की राशि का उपयोग शहडोल शहर में किया जा रहा है, जबकि माइंस से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

अजीत सोनी ने कहा कि “हमारे गांव की कॉलरी है, लेकिन गांव की जनता को ही इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित कई बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है, लेकिन इन क्षेत्रों के विकास के लिए कॉलरी प्रबंधन द्वारा अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। सीएसआर की राशि का लाभ सबसे पहले उस क्षेत्र की जनता को मिलना चाहिए, जहां से कंपनी को संसाधन प्राप्त हो रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता के अधिकारों और क्षेत्र के विकास की अनदेखी ग्रामीणों के साथ अन्याय है। यदि प्रबंधन ने माइंस कर्मचारियों की मांगों और ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीण जनों के साथ मिलकर जनआंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी माइंस प्रबंधन की होगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने भी प्रबंधन से अपील की कि माइंस कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के अधिकारों और क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

इस दौरान नगर अध्यक्ष प्रभात पांडेय, हीरामणि पटेल (महामंत्री), शीतल सिंह टेकाम,सत्यनारायण साहू (महामंत्री), अजीत सोनी (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, सिंहपुर), शम्भूलाल पटेल (मंडलम अध्यक्ष), करन पटेल, दयाशंकर पटेल, ब्रजलाल पटेल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में माइंस कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments