शहडोल। शहर में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के चौपाटी के समीप अज्ञात बदमाशों ने एक बाइक की डिग्गी से 2 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्किट हाउस के पास निवासी सुनील श्रीवास्तव बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक की डिग्गी में रखे थे। इसके बाद वे पास की एक दुकान पर सामान खरीदने चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बाइक की डिग्गी खोलकर पूरी नकदी पार कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सुनील श्रीवास्तव ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से शहरवासियों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन की डिग्गी में नकदी या अन्य कीमती सामान न छोड़ने की अपील की है।

0 Comments